
देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी प्रकार की अराजकता और हिंसा के पूर्णतः खिलाफ है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनसमस्याएं उठाना जनप्रतिनिधियों का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है और शीघ्र ही रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ से पूरे मामले में जवाब तलब किया जाएगा। घटना के दौरान की परिस्थितियों की भी विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानून अपना कार्य करेगा और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई का पार्टी समर्थन करेगी।
इस बीच, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल की तहरीर पर पुलिस ने विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षाकर्मियों से भी संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस घटना का असर बोर्ड परीक्षाओं पर नहीं पड़ना चाहिए। यह विषय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए सभी पक्षों को जिम्मेदारी और धैर्य का परिचय देना चाहिए।



