
धौलादेवी (अल्मोड़ा), 01 अक्टूबर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धौलादेवी में आवश्यक जांच सुविधाओं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग को लेकर भाजयुमो उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं CHC धौलादेवी जनआंदोलन के संयोजक डॉ. नीरज पंत के नेतृत्व में चल रहे धरना-प्रदर्शन को आज बड़ी सफलता मिली। जनपद अल्मोड़ा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे, आंदोलनकारियों से वार्ता की और सभी मांगों को स्वीकार करने की घोषणा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आगामी 03 अक्टूबर को अल्ट्रासाउंड (USG) मशीन CHC धौलादेवी पहुंच जाएगी। 12 अक्टूबर को इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा और उसी दिन से क्षेत्र के मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड जांच सेवा शुरू हो जाएगी। इससे विशेषकर गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच के लिए अब दूर-दराज के अस्पतालों तक नहीं जाना पड़ेगा।
इसके साथ ही ज्ञापन में रखी गई शेष सभी छह मांगें भी स्वीकार कर ली गई हैं:
1. डिजिटल एक्सरे मशीन की स्थापना
2. स्त्री रोग विशेषज्ञ (Gynaecologist) की नियुक्ति
3. रेडियोलॉजिस्ट (Radiologist) की नियुक्ति
4. निश्चेतक (Anaesthesiologist) की नियुक्ति
5. बाल रोग विशेषज्ञ (Paediatrician) की नियुक्ति
6. प्रसव हेतु प्रशिक्षित 5 डिलीवरी नर्सों की नियुक्ति
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आश्वस्त किया कि इन सभी मांगों का निस्तारण दो माह के भीतर कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. नीरज पंत ने कहा, “यह धौलादेवी क्षेत्र की जनता की एकजुटता, धैर्य और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। पर्वतीय क्षेत्र की माताओं-बहनों, बच्चों और मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ी इन मांगों पर त्वरित निर्णय लेने के लिए हम माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उनकी संवेदनशील सरकार ने साबित किया है कि पहाड़ की स्वास्थ्य सेवाएं उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। हम माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी, स्वास्थ्य सचिव, जिलाधिकारी अल्मोड़ा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं क्षेत्रीय विधायक जी का भी धन्यवाद करते हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया जा रहा है, किंतु दो माह की समय-सीमा में सभी मांगें धरातल पर पूरी हों, इस पर जनआंदोलन की निरंतर नज़र रहेगी।
धरना समाप्ति पर क्षेत्रवासियों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और “धन्यवाद धामी सरकार” के नारे लगाए। आंदोलन में सहयोग देने वाले सभी ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।
धरना-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से धनिया मंडल अध्यक्ष श्री डी.के. जोशी जी, प्रधान संघ अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र भट्ट जी, श्री हरीश धर्मवाल जी, कोऑपरेटिव डायरेक्टर श्री मोहन सिंहवाल जी, श्री देश दीपक पंत, श्री ज्ञान प्रकाश पंत, श्री सतीश चंद्र पंत, श्री कैलाश जोशी, श्री गिरीश चंद्र जोशी, श्री हरीश मलाड़ा, श्री तारा पांडे, श्री कैलाश पांडे, श्री नवीन पांडे, श्री बसंत जोशी, श्री अरुण सिंह, श्री चंदन बोरा एवं श्री सुमित शाह जी सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इन सभी ने डॉ. नीरज पंत के साथ संयुक्त रूप से माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। साथ ही डॉ. पंत ने आंदोलन को मजबूती देने वाले सभी साथियों का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सफलता प्रत्येक सहयोगी के समर्पण का परिणाम है।



